बीटिंग द रिट्रीट के साथ गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य समापन ,राज्यपाल श्री पटेल के मुख्य आतिथ्य में गणतंत्र दिवस समारोह का गरिमामयी समापन‘बीटिंग द रिट्रीट’—ध्वनि, अनुशासन और परंपरा का अनुपम संगम

REPORT BY LAKHAN GURU/NEHA SINGH
मध्यप्रदेश में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का गरिमामयी समापन गुरुवार को ऐतिहासिक ‘बीटिंग द रिट्रीट’ समारोह के साथ हुआ। जहांगीराबाद स्थित लाल परेड मैदान में आयोजित इस भव्य आयोजन में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह में मध्यप्रदेश पुलिस ब्रास बैंड एवं आर्मी ब्रास बैंड द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत संगीतमय प्रस्तुतियों ने सैन्य परंपराओं की गरिमा को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। उल्लेखनीय है कि ‘बीटिंग द रिट्रीट’ सैन्य एवं अर्धसैनिक बलों की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है और राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली के साथ-साथ केवल भोपाल में ही इस ऐतिहासिक समारोह का आयोजन किया जाता है।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती मालती राय, मुख्य सूचना आयुक्त श्री विजय यादव, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना, अपर मुख्य सचिव (गृह) श्री शिव शेखर शुक्ला, महानिरीक्षक पुलिस श्री इरशाद वली, सातवीं वाहिनी के कमांडेंट श्री हितेश चौधरी सहित सेना, पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्यपाल श्री पटेल के आगमन पर पुलिस ब्रास बैंड द्वारा स्वागत धुन प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात निरीक्षक श्री सुनील कटारे के नेतृत्व में आयोजित ब्रास बैंड कॉन्सर्ट में “वंदे मातरम्” से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद “मेरे देश की धरती”, “पंख होते तो उड़ आती रे”, “पल-पल दिल के पास”, “तेरी झलक अशर्फी”, “ये देश है वीर जवानों का”, “अजीब दास्तां है ये”, “ये शाम मस्तानी”, “संदेशे आते हैं” और “हे अपना दिल तो आवारा” जैसी सदाबहार एवं आधुनिक धुनों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। राष्ट्रभक्ति फ्यूज़न की अंतिम प्रस्तुति पर तालियों की गूंज से पूरा परिसर उत्साह से भर उठा।
मध्यांतर के पश्चात पुलिस और आर्मी बैंड की संयुक्त प्रस्तुति ने समारोह को नई ऊँचाइयाँ प्रदान कीं। मास्ड बैंड, आर्मी ब्रास बैंड और पुलिस ब्रास बैंड द्वारा फैनफेयर, क्विक मार्च और स्लो मार्च पर सटीक तालमेल के साथ किया गया मार्च-पास्ट दर्शनीय रहा। रिट्रीट से पूर्व मास्ड बैंड की ड्रम रोल प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
समारोह के अंतिम चरण में उप निरीक्षक सुश्री सुनीति सिंह के नेतृत्व में महिला टुकड़ी द्वारा ससम्मान राष्ट्रीय ध्वज का अवरोहण किया गया। “सारे जहाँ से अच्छा” की मधुर धुन, राष्ट्रगान, रंगीन रोशनी और आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम का भव्य एवं भावपूर्ण समापन हुआ।