परीक्षा की तैयारी मेहनत से करें, तनाव लेकर नही, परीक्षा से डरकर नहीं, डटकर आगे बढ़िए : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

FOR JMS NES AAP TAK BY LAKHAN LAL (YOG GURU)

परीक्षा मेहनत से दें, तनाव से नहीं : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और आगे चलकर देश की बागडोर इन्हीं के हाथों में होगी। इसलिए सभी विद्यार्थियों को अपने कौशल, ज्ञान और प्रदर्शन में निरंतर सुधार करते हुए स्वयं को निखारना चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि परीक्षा की तैयारी पूरी मेहनत और लगन से करें, लेकिन किसी भी प्रकार का तनाव न लें। परीक्षा जीवन का केवल एक पड़ाव है, अंतिम लक्ष्य नहीं। मेहनत को अपनी आदत बनाएं, पर तनाव को स्वयं पर हावी न होने दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा के समय आत्मविश्वास, अनुशासन और संतुलित दिनचर्या ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। स्वयं पर सदैव विश्वास रखें, डरकर नहीं बल्कि डटकर आगे बढ़ें और अपने सपनों को साकार करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को शासकीय सुभाष उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय में बोर्ड परीक्षाओं से पूर्व आयोजित “परीक्षा पर संवाद – 2026” कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अपील की कि परीक्षा के दौरान स्वयं को तनाव से दूर रखते हुए निरंतर मेहनत करें और अधिक से अधिक अच्छे अंक अर्जित करने का प्रयास करें। उन्होंने समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास और हर परिस्थिति में आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही एक सशक्त व्यक्तित्व की पहचान है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं को ध्यानपूर्वक सुना और सकारात्मक सोच के साथ भविष्य निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के समय सभी विद्यार्थी पर्याप्त नींद लें और अध्ययन के लिए एक निश्चित समय-सारणी का पालन करें।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सीधे संवाद का अवसर पाकर विद्यार्थियों ने बेहिचक अपने प्रश्न रखे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक गुरु, शिक्षक, अभिभावक और मनोविज्ञान विशेषज्ञ की भूमिका में पहले विद्यार्थियों के मनोभावों को समझा, उनसे खुलकर संवाद किया और फिर पूछे गए सभी सवालों के सहज व सारगर्भित उत्तर दिए।

विद्यार्थियों ने परीक्षा की तैयारियों के दौरान आने वाली कठिनाइयों और अपने अनुभव भी साझा किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ हुए इस आत्मीय संवाद से विद्यार्थियों को परीक्षा से पूर्व मानसिक संबल मिला और हर परिस्थिति में सकारात्मक बने रहने की नई ऊर्जा प्राप्त हुई।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि परीक्षा प्रत्येक वर्ष विद्यार्थियों के लिए एक चुनौती की तरह होती है। विद्यार्थियों को समुचित समय प्रबंधन के साथ अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और तनाव को स्वयं पर हावी नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव निरंतर विद्यार्थियों से संवाद करते हैं, उनकी कठिनाइयों को समझते हैं और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करते हैं। वे नवीनतम ज्ञान से परिपूर्ण एक दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता हैं।

कार्यक्रम के आरंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विद्यार्थियों से संवाद की शुरुआत की। कार्यक्रम में सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग डॉ. संजय गोयल, आयुक्त लोक शिक्षण श्रीमती शिल्पा गुप्ता, शासकीय सुभाष उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

You may have missed