प्रदेश में मत्स्य उत्पादन दोगुना करने की दिशा में सक्रियता से करें कार्य , कृषक कल्याण वर्ष में मत्स्य पालकों की आर्थिक समृद्धि के लिए बनेगी कार्ययोजना, संभाग स्तर पर स्थापित होंगे मछली घर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
FOR JMS NEWS AAP TAK LAKHAN LAL (YOG GURU)
MOB 9425019321

कृषक कल्याण वर्ष: मध्यप्रदेश को मत्स्य उत्पादन में नंबर-1 बनाने की तैयारी, संभाग स्तर पर बनेंगे ‘मछली घर’
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश के सभी किसानों और मछुआरों की आर्थिक समृद्धि के लिए संकल्प के साथ कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश कृषि उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है और अब मत्स्य उत्पादन को भी दोगुना करने की दिशा में सक्रियता से काम किया जाएगा।
मंगलवार को मंत्रालय में मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में ऐसा सशक्त इको सिस्टम तैयार किया जाए, जिससे मछुआरों का आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि मछली पालन के साथ-साथ एक्वाकल्चर के क्षेत्र में भी व्यापक स्तर पर कार्य किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। मध्यप्रदेश को मत्स्य पालन के क्षेत्र में देश का नंबर-1 राज्य बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। मछुआ सम्मेलन आयोजित कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले मत्स्य पालकों को प्रोत्साहित किया जाए तथा सीड प्रोडक्शन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
उन्होंने मत्स्य महासंघ के सुव्यवस्थित उपयोग के निर्देश देते हुए कहा कि कम भू-जल स्तर वाले जिलों में फॉर्म पॉन्ड मॉडल के माध्यम से मत्स्य उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। इसके लिए एक जिले को मॉडल के रूप में विकसित किया जाए, जहां मत्स्य उत्पादन के साथ सिंघाड़ा, कमल गट्टा, मखाना सहित अन्य एक्वाकल्चर आधारित गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में केज कल्चर नीति के तहत 10 हजार केज हितग्राही मूलक योजना में तथा 90 हजार केज उद्यमी मॉडल के अंतर्गत स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना एवं भोपाल में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क एंड रिसर्च सेंटर की प्रगति की भी जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संभाग स्तर पर ‘मछली घर’ स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की विभागीय योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड की प्रगति, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, विशेष प्रोजेक्ट, इंदिरा सागर जलाशय में केज कल्चर, टेक्नोलॉजी डिफ्यूजन सेंटर, रिजर्वायर क्लस्टर आधारित मत्स्य पालन और समन्वित मछली घर एवं अनुसंधान केंद्र की समीक्षा की।
बैठक में मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नारायण सिंह पंवार, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) श्री नीरज मंडलोई, अपर मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।