मध्यप्रदेश पुलिस की पिछले तीन दिनों की प्रमुख कार्यवाहियाँ 79 लाख से अधिक की चोरी व लूट की संपत्ति बरामद
FOR JMS NEWS AAP TAK BY LAKHAN GURU

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पिछले तीन दिनों में पुलिस ने डकैती, नकबजनी और लूट जैसी संगीन वारदातों का खुलासा करते हुए 79 लाख रुपए से अधिक की चोरी व लूट की संपत्ति बरामद की है।
विदिशा: अरिहंत ज्वैलर्स डकैती कांड में बड़ी सफलता
विदिशा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में अरिहंत ज्वैलर्स में हुई डकैती के मामले में फरार आरोपी को गुना जिले के बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से करीब सवा 5 किलो चांदी के आभूषण, अनुमानित कीमत 15 लाख रुपए, एवं घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए। इस मामले में अब तक 3 आरोपी और 2 विधि विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार कर लगभग 13 लाख रुपए की संपत्ति पहले ही बरामद की जा चुकी थी।
अलीराजपुर: नकबजनी का खुलासा
थाना जोबट पुलिस ने नकबजनी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 10 लाख रुपए मूल्य के सोने के दो हार और लोहे का कटर बरामद किया है।
मुरैना: अम्बाह डकैती कांड का खुलासा
मुरैना जिले के अम्बाह थाना क्षेत्र में हुई डकैती के मामले में 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर 10-10 हजार रुपए के इनामी 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 16 लाख 77 हजार रुपए की नगदी, आभूषण, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है।
सतना: चित्रकूट में चोरी का पर्दाफाश
चित्रकूट पुलिस ने घर में चोरी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 लाख 26 हजार रुपए नगद और 4 लाख रुपए के सोने के आभूषण सहित कुल 14 लाख 26 हजार रुपए की सामग्री जब्त की है।
दतिया: 12 घंटे में चोरी का खुलासा
दतिया कोतवाली पुलिस ने मात्र 12 घंटे में चोरी की घटना का खुलासा कर फरियादी के घर कार्यरत महिला आरोपिया को गिरफ्तार किया और 17 लाख रुपए मूल्य के सोने के जेवरात बरामद किए।
उज्जैन: लूट गिरोह का भंडाफोड़
उज्जैन के नागदा क्षेत्र में पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल, हथियार और मोटरसाइकिल जब्त की है।
मध्यप्रदेश पुलिस का कहना है कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और प्रदेश में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।