मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीसी से की प्रदेश में कानून-व्यवस्था की समीक्षा,प्रदेश में शांति, सुरक्षा और सौहार्द सर्वोपरि

BY LAKHAN LAL FOR JMS NEWS AAP TAK
डॉ. मोहन यादव ने दिए त्यौहारों पर विशेष सतर्कता के निर्देश
भोपाल। डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि त्यौहार सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं। प्रदेश के सभी नागरिक प्रेम और सौहार्द के साथ अपने-अपने पर्व मनाएं, इसके लिए पुलिस प्रशासन को अतिरिक्त सजगता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभानी होगी, ताकि कहीं भी किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो।
रविवार को भोपाल स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय से प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री ने सभी रेंज आईजी, डीआईजी, पुलिस कमिश्नर्स और पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की कोताही न बरतें। बैठक में अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय श्री नीरज मंडलोई, डीजीपी श्री कैलाश मकवाना, एडीजी इंटेलीजेंस श्री ए. साईं मनोहर सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान विशेष निगरानी और ऐहतियात बरती जाए। पुलिस सूचना-तंत्र को और अधिक सक्रिय किया जाए तथा हर घटना-दुर्घटना पर बारीक नजर रखी जाए। जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम करना पुलिस की जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्देश दिए कि शांति समितियों में समाज के प्रभावशाली और जिम्मेदार नागरिकों को जोड़ा जाए। सभी एसपी अपने पुलिस कंट्रोल रूम और मॉनिटरिंग सिस्टम को और अधिक मजबूत बनाएं। त्योहारों के समय किसी भी घटना पर पुलिस का त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित हो।
मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि आगामी दिनों में वे पुलिस थानों और कार्यालयों का औचक निरीक्षण करेंगे। थानों की कार्यप्रणाली और पब्लिक फीडबैक के आधार पर उनकी ग्रेडिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से संबंधित हर कार्रवाई पारदर्शी होनी चाहिए।
परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों और छात्रावासों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही होलिका दहन केवल गैर-विवादित स्थलों पर ही हो, यह सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने में पुलिस की भूमिका की सराहना की और बधाई दी। उन्होंने त्योहारों के दौरान बस ऑपरेटर्स द्वारा अधिक किराया वसूले जाने की शिकायतों पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए। शुष्क दिवस के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सभी मैदानी अधिकारियों ने त्योहारों के मद्देनजर की गई तैयारियों की जानकारी दी और बताया कि शांति समिति की बैठकें आयोजित कर समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद किया जा रहा है।