कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने अब तक 30 पदक जीते हैं, जिनमें 8 स्वर्ण, 15 रजत और 7 कांस्य शामिल, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय मुक्केबाजों को स्वर्ण पदक और रजत पदक जीतने पर दी बधाई

BY TEAM JMS NEWS AAP TAK EDITOR LAKHAN LAL MOB 9425019321

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्लासगो, स्कॉटलैंड में चल रहे राष्ट्रमंडल खेल-2026 में बाक्सिंग प्रतियोगिता में महिला और पुरूष मुक्केबाजों को स्वर्ण और रजत पदक जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रमंडल खेल-2026 में मुक्केबाजी प्रतियोगिता के महिला 54 किलोग्राम स्पर्धा में भारतीय महिला खिलाड़ी सुश्री प्रीति पवार को स्वर्ण पदक, सुश्री जैस्मिन लम्बोरिया को 57 किलोग्राम स्पर्धा में स्वर्ण पदक और भारतीय मुक्केबाज श्री जदुमणि सिंह मंडेंगबाम को 55 किलोग्राम में रजत पदक प्राप्त करने पर हर्ष व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय मुक्केबाजों की ऐतिहासिक विजय ने सम्पूर्ण भारत को गौरवान्वित किया है। विशेष रूप से भारतीय बेटियों की स्वर्णिम सफलता देश की असंख्य बेटियों को प्रेरणा देगी।

ट्रिपल जम्प स्पर्धा में भारत ने जीता रजत और कांस्य पदक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रमंडल खेल-2026 में ट्रिपल जम्प प्रतियोगिता में भारतीय एथलीट श्री प्रवीण चित्रवेल को रजत पदक और श्री सेल्वा प्रभु थिरुमारन को कांस्य पदक जीतने पर भी बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतकर सम्पूर्ण भारत को गौरवान्वित किया है। ट्रिपल जम्प खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन, समर्पण और अथक परिश्रम से तिरंगे का मान विश्व मंच पर बढ़ाया है।

उल्लेखनीय है कि गत 23 जुलाई से प्रांरभ हुए राष्ट्रमंडल खेलों का 2 अगस्त, 2026 को समापन हो रहा है। इन खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने अब तक 30 पदक जीते हैं, जिनमें 8 स्वर्ण, 15 रजत और 7 कांस्य शामिल हैं।

You may have missed