बड़वानी में कस्तूरी कॉटन को मिलेगा बढ़ावा, ₹25 करोड़ से बनेंगे नर्मदा के नए घाट,लापरवाह अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
BY LAKHAN LAL EDITOR JMS NEWS AAP TAK TEAM JMS NEWS BADWANI

बड़वानी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बड़वानी में पैदा होने वाले उन्नत किस्म के कस्तूरी कॉटन को सरकार बढ़ावा देगी। धार में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क से निमाड़ क्षेत्र में कपास की मांग बढ़ रही है। सरकार किसानों के हित में कस्तूरी सहित सभी प्रकार के कपास के उत्पादन और प्रसंस्करण को प्रोत्साहित करेगी।
बड़वानी के विकास के लिए बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़वानी के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि—
- ₹25 करोड़ की लागत से नर्मदा नदी पर नए घाट बनाए जाएंगे।
- भीमा नायक महाविद्यालय को ऑनलाइन परीक्षा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
- पानसेमल महाविद्यालय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
- सेंधवा किले, राजवाड़े और अन्य पुरातात्विक धरोहरों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
- ₹10 करोड़ की लागत से आदर्श अनाज मंडी विकसित की जाएगी।
- खेल मैदान को सर्वसुविधायुक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा।
कृषक कल्याण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में समर्पित किया है। किसानों से लगातार संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए दूध उत्पादन और पशुपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा बेहतर उपज के लिए उन्नत बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मछुआरा समुदाय, स्व-सहायता समूह की बहनों और कृषि सखियों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं जानी जा रही हैं।
कृषि कैबिनेट के बाद बड़वानी के विकास को नई दिशा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने अपनी कृषि कैबिनेट बड़वानी जिले में आयोजित की थी। आने वाले समय में बड़वानी अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने जिले के युवाओं को बहादुर, जांबाज और कौशल में हीरे जैसा बताते हुए कहा कि खिलाड़ियों, मेधावी विद्यार्थियों और युवाओं की समस्याओं के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
लापरवाह अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़वानी जिला कार्यालय में सीएम समाधान योजना के दौरान जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और बेहतर तरीके से काम करें।
हर जिले के विकास का तैयार होगा मॉडल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेशभर में जिला स्तर पर विकास समितियों का गठन किया गया है। इनके माध्यम से जिला प्रशासन के साथ मिलकर स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास का मॉडल तैयार किया जा रहा है।
JMS NEWS | बड़वानी
कस्तूरी कॉटन से किसानों को नई उम्मीद, विकास कार्यों से बड़वानी को मिलेगी नई पहचान।