उज्जैन में श्री महाकाल लोक निर्माण के बाद 20 गुना बढ़ गई श्रद्धालुओं की संख्या,देश में तेजी से हो रहा धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन का विकास : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
NEWS BY LAKHAN LAL EDITOE JMS NEWS AAP TAK

जन्माष्टमी से पहले द्वारकाधीश की शरण में पहुंचे मोहन यादव
सपरिवार भगवान श्रीकृष्ण के किए दर्शन-पूजन, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की मांगी कामना
द्वारका। जन्माष्टमी के पावन पर्व से ठीक पहले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को गुजरात की देवभूमि द्वारका पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सीमा यादव एवं परिजनों के साथ प्रसिद्ध श्री द्वारकाधीश मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण के अलौकिक स्वरूप के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान द्वारकाधीश से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और कल्याण की प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने देश एवं प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
उज्जैन से द्वारका तक धार्मिक पर्यटन को मिल रही नई पहचान
दर्शन-पूजन के बाद मंदिर परिसर के बाहर मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज सपरिवार द्वारका आने और भगवान द्वारकाधीश के दर्शन करने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों का विकास तेजी से हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में श्री महाकाल लोक के निर्माण के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। वर्तमान में उज्जैन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाकाल लोक के बाद काशी विश्वनाथ कॉरिडोर सहित देश के अनेक धार्मिक स्थलों के विकास ने धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं।
चार धामों में द्वारका का विशेष महत्व
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि द्वारकाधीश मंदिर सनातन संस्कृति की महान परंपरा का प्रमुख केंद्र है और आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित चार धामों में द्वारका का विशेष स्थान है। जन्माष्टमी से ठीक पहले भगवान श्री द्वारकाधीश के भव्य दर्शन का अवसर मिलना सभी के लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले वे सोमनाथ धाम भी पहुंचे थे और अब द्वारका में भगवान द्वारकाधीश के दर्शन-पूजन का अवसर मिला है। मुख्यमंत्री ने मंदिर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
MP के देवस्थलों को भी बनाया जा रहा सुविधाजनक और आकर्षक
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन, बेहतर ठहरने की व्यवस्था, सुरक्षा तथा आवश्यक अधोसंरचना विकसित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना है। साथ ही भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के गौरवशाली अतीत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
जन्माष्टमी से पहले द्वारकाधीश के दरबार में मुख्यमंत्री का सपरिवार पहुंचना धार्मिक आस्था और मध्यप्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के संकल्प का संदेश देता नजर आया।
NEWS EDIT BY LAKHAN LAL ALL INDIA BUREAU HEAD