बैगा अंचल में जन चौपाल: ग्रामीणों की समस्याओं पर संभागायुक्त धनंजय सिंह का सख्त रुख, लापरवाह अफसरों पर कार्रवाई के निर्देश

BY LAKHAN LAL EDITOR JMS NEWS AAP TAK

जबलपुर। बैगा जनजाति बाहुल्य और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र हितग्राही तक पहुंचाने को लेकर प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है। संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने बिरसा विकासखंड के ग्राम घुम्मुर और मछुरदा में विशेष शिविर-सह-जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को इनके त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।

जन चौपाल में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन की बारीकी से समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने स्पष्ट कहा कि बैगा जनजाति के प्रत्येक पात्र परिवार को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिलना चाहिए। दूरस्थ क्षेत्रों में बिजली, पानी, राशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, रोजगार और आजीविका जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

वनाधिकार पट्टों पर तेजी से कार्रवाई के निर्देश

राजस्व एवं वन विभाग की समीक्षा के दौरान अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जाति प्रमाण-पत्र और वनाधिकार पट्टों से जुड़े प्रकरणों की जानकारी ली गई।

ग्रामीणों द्वारा वनाधिकार पट्टों के लिए आवेदन भी प्रस्तुत किए गए। संभागायुक्त ने डीएफओ को वनाधिकार से जुड़े मामलों की जांच और निराकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

पशु हानि के मुआवजे और किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधाओं की भी समीक्षा हुई। मछुरदा कैंप में किसान क्रेडिट कार्ड की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर सहायक प्रबंधक, प्राथमिक सहकारी संस्था बिठली को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य और पोषण की स्थिति पर भी कड़ी निगरानी

जन चौपाल में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए टीकाकरण, जननी सुरक्षा, प्रसव सहायता, वर्षाजनित संक्रामक बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार और दस्तक-सह-स्टॉप डायरिया अभियान की प्रगति जानी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग से आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न पोषण कार्यक्रमों की जानकारी ली गई।

योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास तथा परियोजना अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पेयजल व्यवस्था में लापरवाही पर सख्ती

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, जल स्रोतों के नियमित परीक्षण और क्लोरीनेशन की स्थिति की जानकारी ली गई।

हैंडपंपों के सुधार और समुचित पेयजल व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पशुओं में टीकाकरण की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उप संचालक पशुपालन के विरुद्ध भी कार्रवाई हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

संभागायुक्त ने साफ कहा कि पेयजल स्रोतों की निगरानी और जरूरी सुधार कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैगा परिवारों के लिए रोजगार और आजीविका पर जोर

जन चौपाल में ग्रामीणों से रोजगार और आजीविका को लेकर भी सीधा संवाद किया गया। बकरी पालन, मुर्गी पालन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों के लिए ग्रामीणों से आवेदन लिए गए।

कैंप में हितग्राहियों के आधार अपडेशन का कार्य भी किया गया। संभागायुक्त ने अधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप स्थायी आजीविका के साधन विकसित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

जनजातीय विभाग को सभी पात्र बैगा परिवारों को आहार अनुदान योजना का लाभ समय पर दिलाने तथा राशि सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पीएचसी घुम्मुर का निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

जन चौपाल से पहले संभागायुक्त श्री सिंह ने ग्राम घुम्मुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, टीकाकरण और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया तथा ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ

ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा में प्रधानमंत्री आवास, जनमन आवास, व्यक्तिगत शौचालय, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, संबल पंजीयन और अनुग्रह सहायता के प्रकरणों की जानकारी ली गई।

खाद्य विभाग को मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना और उज्ज्वला योजना का लाभ सभी पात्र ग्रामीणों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

संभागायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हर पात्र परिवार तक उसका वास्तविक लाभ पहुंचना चाहिए।

ये अधिकारी रहे मौजूद

जन चौपाल के दौरान कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, सीसीएफ श्री गौरव चौधरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री तनुश्री मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

You may have missed