BY TEAM JMS NEWS AAP TAK EDITOR LAKHAN LAL

इंदौर | 23 अक्टूबर 2026

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पुलिस के जवान से लेकर वरिष्ठ अधिकारी तक लगातार मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा करते हैं। खुद की जान जोखिम में डालकर दूसरों के प्राण बचाना पुलिस के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना का परिचायक है। पुलिसकर्मी सेवा, सुरक्षा और परिश्रम में हमेशा अग्रणी रहते हैं तथा उनके साहसिक कार्य पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

30 से अधिक पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को इंदौर के होटल पार्क में आयोजित “खाकी के जज्बे को पत्रिका का सलाम” कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कर्तव्य के दौरान साहसिक कार्य करने वाले 30 से अधिक पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि वे इसी तरह अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहें और समाज को प्रेरणा देते रहें।

पुलिस भर्ती और पदोन्नति को लेकर सरकार की पहल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की भर्ती की है और आगे भी नई भर्तियां की जाएंगी। इसके साथ ही लंबे समय से रुकी पदोन्नति प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया गया है, जिससे पुलिस बल को मजबूती मिलेगी।

दिव्यांगता के प्रति संवेदनशीलता की पेश की मिसाल

सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए संयोगितागंज थाने के आरक्षक श्री लाल साहब को मंच से नीचे उतरकर सम्मानित किया। पैरों में तकलीफ के कारण आरक्षक मंच पर चढ़ने में असमर्थ थे। मुख्यमंत्री के इस कदम ने पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और मानवीय संवेदना का संदेश दिया।

साहस और ईमानदारी समाज के लिए प्रेरणा

कार्यक्रम में शिक्षाविद डॉ. स्वप्निल कोठारी ने कहा कि जब साहस के साथ ईमानदारी जुड़ती है, तो ऐसी कहानियां दूसरों के लिए प्रेरणा बन जाती हैं। पत्रिका की विकास यात्रा के संबंध में संपादक अनिल कर्मा ने जानकारी दी।

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, विधायक श्री मधु वर्मा, श्री रमेश मेंदोला, श्री गोलू शुक्ला, संभागायुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार, आईजी श्री अनुराग, पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, श्री गौरव रणदिवे और श्री सुमित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, उनके परिजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

JMS NEWS AAP TAK | खाकी के जज्बे को सलाम, जनसेवा करने वाले जांबाजों को सम्मान।

You missed