प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त कराई 4.79 हेक्टेयर भूमि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत हाईवे किनारे से हटाया जा रहा अतिक्रमण

BY LAKHAN LAL EDITOR JMS NEWS AAP TAK

बंडा शराब मामले के आरोपी पर कार्रवाई

सागर में माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा

4.79 हेक्टेयर सरकारी जमीन कब्जामुक्त, अवैध ढाबे पर चला बुलडोजर

सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मध्यप्रदेश में माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। सागर जिले में इसी अभियान के तहत प्रशासन और राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.79 हेक्टेयर शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।

बंडा शराब मामले के आरोपी पर कार्रवाई

शाहगढ़ के ग्राम सिमरिया उवरी में जांच के दौरान सामने आया कि बंडा अवैध शराब प्रकरण में आरोपी चंद्रभान राजपूत ने ग्राम चौकीदार की शासकीय सेवा भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर रखा था।

आरोपी द्वारा 4.56 हेक्टेयर और 0.23 हेक्टेयर, कुल 4.79 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर खेती की जा रही थी। संयुक्त राजस्व एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया और अवैध रूप से बोई गई फसल को नष्ट कर जमीन को शासकीय आधिपत्य में ले लिया।

NH-44 किनारे सौरभ ढाबे पर चला बुलडोजर

वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग NH-44 के किनारे शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे के खिलाफ भी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। सौरभ होटल/सौरभ ढाबा के अवैध विस्तार को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।

प्रशासन के अनुसार निजी भूमि की आड़ में हाईवे से लगी बेशकीमती शासकीय भूमि पर कब्जा कर निर्माण का विस्तार किया गया था। संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटा दिया।

बांदरी से मालथौन टोल तक चला अभियान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बांदरी से मालथौन टोल तक हाईवे किनारे सरकारी जमीनों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान अवैध ढाबों, टपरों और पक्के निर्माणों को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय संपत्ति पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अन्य आरोपियों की संपत्तियों पर भी नजर

बंडा प्रकरण से जुड़े अन्य आरोपियों की संपत्तियों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच में यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता या शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा सामने आता है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

JMS NEWS AAP TAK — सागर में कार्रवाई से साफ संदेश, सरकारी जमीन पर कब्जा किया तो प्रशासन का बुलडोजर तैयार है।

You may have missed