BY LAKHAN LAL/ NEHA EDITOR JMS NEWS AAP TAK

भोपाल। मध्यप्रदेश को खनिज संपदा के क्षेत्र में अग्रणी बताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की धरती हीरा और कोयले जैसे महत्वपूर्ण खनिजों से समृद्ध है। खनिज विभाग में पारदर्शिता, दक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने वाले अधिकारी प्रदेश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त 62 खनि निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर भी मौजूद रहीं।

नौकरी के साथ सेवा और नई पहचान का अवसर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवनियुक्त खनि निरीक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि रत्नगर्भा वसुंधरा से जुड़कर उनका भाग्योदय हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में प्रवेश केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज और प्रदेश की सेवा करने का नया अवसर है।

उन्होंने कहा कि युवाओं की इस उपलब्धि में उनके माता-पिता और परिजनों के आशीर्वाद एवं सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

एक साल में 85 हजार युवाओं को रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बीते एक वर्ष में 85 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और मध्यप्रदेश भी तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं को शासकीय सेवा में आने पर केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि ‘कर्मयोगी’ के रूप में देखते हैं। इसी भावना के साथ नवनियुक्त खनि निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र के साथ विश्वास पत्र भी सौंपा गया है।

8-9 हजार करोड़ से बढ़कर 12 हजार करोड़ हुई खनिज आय

प्रमुख सचिव खनिज साधन श्री विवेक पोरवाल ने बताया कि प्रदेश में खनिजों से होने वाली आय पिछले वर्षों में लगभग 8-9 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 12 हजार करोड़ रुपये हो गई है।

उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में 72 खनि निरीक्षकों की नियुक्ति की पहल की गई है। नवनियुक्त खनि निरीक्षक प्रदेश के खनिज राजस्व को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

33 कोयला ब्लॉक आवंटित, 8 में उत्पादन शुरू

प्रमुख सचिव के अनुसार भारत सरकार द्वारा नीलामी के माध्यम से मध्यप्रदेश में 33 कोयला खनन ब्लॉक आवंटित किए गए हैं। इनमें से 8 ब्लॉकों में कोयला उत्पादन शुरू हो चुका है, जबकि 6 अन्य ब्लॉकों में उत्पादन शुरू करने के लिए माइन डेवलपमेंट का कार्य प्रारंभ किया गया है।

MP में हीरे और सोने की खोज को भी गति

छतरपुर जिले के दो नए क्षेत्रों में हीरे की खोज के लिए अन्वेषण कार्य जारी है। वहीं पन्ना जिले में एक हीरा ब्लॉक आवंटित किया गया है।

सिंगरौली में स्वर्ण अयस्क की प्रोसेसिंग के लिए ग्रीनफील्ड गोल्ड कंसंट्रेट प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जा रही है। इसके अलावा सिंगरौली और कटनी में 6 स्वर्ण ब्लॉक नीलाम किए गए हैं।

खनन सुधारों में मध्यप्रदेश को सम्मान

प्रमुख सचिव ने बताया कि भारत सरकार ने खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मध्यप्रदेश को सम्मानित किया है। नीलामी प्रक्रिया और खनन क्षेत्र में किए गए सुधारों के चलते मध्यप्रदेश ने खनिज क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई है।

नवनियुक्त निरीक्षकों ने कहा—आज होली और दीपावली जैसी खुशी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चयनित 5 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसके बाद नवनियुक्त खनि निरीक्षकों के साथ सामूहिक छायाचित्र भी खिंचवाया।

नवनियुक्त खनि निरीक्षकों ने कहा कि नियुक्ति मिलने का दिन उनके लिए होली और दीपावली दोनों की खुशी लेकर आया है। उन्होंने अपने दायित्वों को पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाने की बात कही।

JMS NEWS AAP TAK | भोपाल

You missed