उज्जैन से सुशासन का संदेश: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गणतंत्र दिवस पर फहराया तिरंगा, आत्मनिर्भर और सशक्त मध्यप्रदेश का किया ऐलान WRITTEN BY LAKHAN GURU

JMS NEWS AAP TAK

प्रदेश में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के कार्तिक मेला ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं लोकतंत्र रक्षकों का सम्मान किया गया। सिंहस्थ-2028 को दृष्टिगत रखते हुए पावन शिप्रा तट पर आयोजित इस भव्य समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, झांकियों और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में “विकसित मध्यप्रदेश@2047” के विज़न के तहत किसान कल्याण, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, अधोसंरचना और सुशासन की ऐतिहासिक उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए प्रदेशवासियों से विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया।

भोपाल बनेगा स्पोर्ट्स हब

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेलों की दुनिया में हमारा प्रदेश नई पहचान बना रहा है। गत दो वर्षों में खेल अकादमियों के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 19 स्वर्ण, 29 रजत, 26 कांस्य पदक जीते। इसी तरह खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर 189 स्वर्ण, 131 रजत और 118 कांस्य पदक जीते। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य मध्यप्रदेश की बेटी क्रांति गौड़ को एक करोड़ की प्रोत्साहन राशि दी गई। प्रदेश में हाल ही में खेलो मध्यप्रदेश का ओलंपिक खेलों की तरह गरिमामय आयोजन किया गया। स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देकर स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए भोपाल में लगभग एक हजार करोड़ रुपये की लागत से अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है।

प्रदेश की उत्तरोत्तर प्रगति हमारा लक्ष्य

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उत्तरोत्तर प्रगति हमारा लक्ष्य है। अभ्युदय मध्यप्रदेश के लिए सभी को मिलकर कार्य करना है। गणतंत्र दिवस अपने कार्यों के विश्लेषण और सुखद भविष्य की रणनीति बनाने का अवसर भी होता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के नागरिक राज्य की प्रगति के प्रयासों में भागीदारी निभाएँगे और समाज और सरकार के समन्वित प्रयासों से हमारा प्रदेश राष्ट्र का गौरव बढ़ाने में आगे रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

You may have missed