जनजातीय जीवन स्तर में सुधार और बुनियादी विकास सरकार की प्राथमिकता : राज्यपाल श्री पटेल

TEAM JMS NEWS AAP TAK
छिंदवाड़ा। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन अभियान एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर जीवन स्तर में सुधार करना है। उन्होंने जनजातीय समुदाय से आह्वान किया कि वे विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें।
राज्यपाल श्री पटेल बुधवार को छिंदवाड़ा जिले की तामिया तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत भोड़ियापानी में आयोजित संवाद कार्यक्रम में भारिया जनजातीय समुदाय से आत्मीय संवाद कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। पीएम जनमन अभियान के अंतर्गत पीएम आवास निर्माण में देश में अग्रणी प्रदर्शन के लिए उन्होंने छिंदवाड़ा जिला प्रशासन की सराहना की।
राज्यपाल ने कहा कि जनजातीय समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने सिकल सेल एवं क्षय रोग की समय पर जांच, उपचार और जागरूकता पर विशेष जोर देते हुए बताया कि शासन द्वारा मरीजों को नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिले में सिकल सेल से अपेक्षाकृत कम प्रभावित जनजातीय आबादी को देखते हुए उन्होंने छिंदवाड़ा को सिकल सेल मुक्त जिला बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विधायक अमरवाड़ा श्री कमलेश प्रताप शाह एवं राज्य भारिया प्राधिकरण अध्यक्ष श्री दिनेश कुमार अंगारिया ने राज्यपाल का पारंपरिक मोर मुकुट पहनाकर स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सैला एवं गैंडी लोकनृत्य प्रस्तुत कर अभिनंदन किया।
कन्या आश्रम में छात्राओं से संवाद
राज्यपाल श्री पटेल ने ग्राम पंचायत में संचालित आदिवासी नवीन कन्या आश्रम की रहवासी छात्राओं से संवाद कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
हितलाभ वितरण एवं नवाचार
राज्यपाल ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत 11 स्व-सहायता समूहों को 47 लाख रुपये के सहायता चेक वितरित किए। इसके साथ ही बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, मुख्यमंत्री दुधारू पशु योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के हितलाभ, सिकल सेल मरीजों को डिजिटल प्रमाणपत्र एवं टीबी मरीजों को फूड बास्केट प्रदान किए।
हिंसक वन्य जीवों से बचाव में साहसिक कार्य के लिए कुंवाखुट्टी की कक्षा 9वीं की छात्रा कु. कपूरी भारती को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
‘स्वच्छता साथी वॉश ऑन व्हील्स प्लस’ सेवा का शुभारंभ
राज्यपाल ने पंचायत भोड़ियापानी में जिला पंचायत की अभिनव पहल ‘स्वच्छता साथी वॉश ऑन व्हील्स प्लस’ सेवा का शुभारंभ किया। बताया गया कि इस सेवा के माध्यम से अब तक 55 हजार से अधिक व्यक्तिगत एवं संस्थागत शौचालयों की सफाई की जा चुकी है, जिससे 50 स्वच्छता साथियों ने 55 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित की है।
जनमन आवास, होम-स्टे और प्रदर्शनी का अवलोकन
राज्यपाल ने जनमन आवास योजना हितग्राही श्रीमती राजवती भारती के निवास पर पारंपरिक ग्रामीण भोजन किया तथा ग्राम चिमटीपुर में होम-स्टे का निरीक्षण किया। हितग्राही श्री रूपलाल पन्द्राम ने बताया कि होम-स्टे से प्रति माह 15 से 20 पर्यटक ठहरते हैं, जिससे अच्छी आय हो रही है।
उन्होंने भोड़ियापानी में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर, जैविक एवं प्राकृतिक उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन कर नवाचारों की सराहना की। प्राकृतिक खेती से दो एकड़ में केले की फसल से 8 लाख रुपये की आय अर्जित करने वाले किसान श्री पूरनलाल इनवाती का उत्साहवर्धन किया।