सड़क चौड़ीकरण के लिए किसानों की सहमति से होगा भूमि अधिग्रहण : उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
FOR JMS NEWS LAKHAN LAL
रीवा

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरूकुल विद्यालय से खैरा तक सड़क चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि यह सड़क रीवा एयरपोर्ट को सिलपरा–बेला रिंग रोड से जोड़ेगी। उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण में आने वाली भूमि के लिए चोरहटा, रघुनाथपुर एवं खैरा गांव के किसानों ने अपनी सहमति प्रदान कर दी है।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि एयरपोर्ट को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण से किसानों की शेष भूमि का मूल्य भी बढ़ेगा। कलेक्ट्रेट रीवा के सभागार में आयोजित बैठक के दौरान किसानों ने कहा कि वे सभी रीवा के विकास के लिए उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के साथ हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आपसी सहमति से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया कम से कम समय में पूरी की जाएगी तथा किसानों को उनकी अधिग्रहीत भूमि का उचित मुआवजा शीघ्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर प्रक्रिया अतिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सिलपरा–बेला रिंग रोड का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और आगामी अप्रैल माह में इसका लोकार्पण किया जाएगा। रिंग रोड के लोकार्पण से पूर्व ही गुरूकुल से खैरा तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी पूर्ण कर लिया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने रीवा शहर के उत्तरी छोर में निर्माणाधीन चोरहटा–रतहरा बायपास के सिक्स लेन चौड़ीकरण कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि रीवा प्रदेश का पहला ऐसा संभागीय मुख्यालय होगा, जहाँ आगामी माह में शहर के चारों ओर बायपास अथवा रिंग रोड का निर्माण पूर्ण हो जाएगा।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि 9 एवं 10 फरवरी को शिविर आयोजित कर किसानों से सहमति पत्र प्राप्त कर प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं, ताकि समय-सीमा में भूमि अधिग्रहण कर चौड़ीकरण कार्य किया जा सके। बैठक में ढेकहा तिराहा चौड़ीकरण एवं एयरपोर्ट विस्तार कार्य पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, राजस्व एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा संबंधित गांवों के किसान उपस्थित रहे।