उज्जैन में विक्रमोत्सव का 139 दिवसीय भव्य आयोजन 12 फरवरी से : अपर मुख्य सचिव श्री शुक्ला
महाशिवरात्रि पर्व पर सुप्रसिद्ध संगीतकार प्रीतम करेंगे महादेव की आराधना
FOR JMS NEWS AAP TAK LAKHAN LAL

अपर मुख्य सचिव संस्कृति एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व श्री शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि सृष्टि सृजनकर्ता महादेव को समर्पित भव्य-दिव्य महाशिवरात्रि उत्सव के साथ 15 फरवरी को विक्रमोत्सव-2026 का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। यह आयोजन 12 फरवरी से 30 जून 2026 तक कुल 139 दिनों तक चलेगा, जो देश-दुनिया में सांस्कृतिक, सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों का एक अनूठा उत्सव होगा।
उन्होंने बताया कि विक्रमोत्सव का प्रथम चरण महाशिवरात्रि के अवसर पर 15 फरवरी को सुप्रसिद्ध संगीतकार प्रीतम द्वारा “शिवोऽहम महादेव” की संगीतमय आराधना से प्रारंभ होगा। द्वितीय चरण 19 मार्च से 30 जून 2026 तक जलगंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत आयोजित किया जाएगा, जिसमें पंचमहाभूतों में जल तत्व के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष फोकस रहेगा। इस चरण में 41 से अधिक बहुआयामी गतिविधियों के अंतर्गत 4 हजार से अधिक कलाकार प्रस्तुतियाँ देंगे।
अपर मुख्य सचिव श्री शुक्ला ने यह जानकारी उज्जैन स्थित एमपीटी लेक व्यू रेजिडेंसी में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। इस अवसर पर संस्कृति संचालनालय के श्री एन.पी. नामदेव, मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी, मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी तथा दत्तोपंत ठेंगडी शोध संस्थान के निदेशक डॉ. मुकेश मिश्रा उपस्थित रहे।
सम्राट विक्रमादित्य अंतर्राष्ट्रीय अलंकरण होगा विशेष आकर्षण
अपर मुख्य सचिव श्री शुक्ला ने बताया कि सम्राट विक्रमादित्य के शौर्य, न्यायप्रियता, औदार्य एवं प्रजावत्सलता के मूल्यों को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से ₹1 करोड़ 1 लाख की राशि वाला “सम्राट विक्रमादित्य अंतर्राष्ट्रीय अलंकरण” स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त ₹21 लाख का एक राष्ट्रीय सम्मान तथा ₹5-5 लाख के तीन राज्य स्तरीय सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे। यह देश का सबसे बड़ा सम्मान होगा।
महाकाल वन मेला 12 से 16 फरवरी तक
विक्रमोत्सव के अंतर्गत 12 से 16 फरवरी तक उज्जैन के दशहरा मैदान में महाकाल वन मेला आयोजित किया जाएगा। इसमें हर्बल उत्पादों, पारंपरिक औषधीय ज्ञान की प्रदर्शनी, उत्पादकों का प्रदर्शन, आयुर्वेदिक चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण तथा सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित होंगी।
प्रदेश के 60 से अधिक शिव मंदिरों में देव महादेव पर्व
महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रदेश के 60 से अधिक प्रमुख शिव मंदिरों में “देव महादेव पर्व” के अंतर्गत मेले, साज-सज्जा, स्वच्छता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नाट्य, पुतुल, फिल्म, कवि सम्मेलन और प्रदर्शनियाँ
विक्रमोत्सव के दौरान विक्रम नाट्य समारोह में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय सहित ख्यात नाट्य प्रस्तुतियों का मंचन होगा। 25 से 28 फरवरी तक पुतुल (कठपुतली) समारोह, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, मातृशक्ति कवयित्री सम्मेलन, शिवपुराण आधारित आयोजन, ड्रोन शो तथा प्रीतम एवं विशाल मिश्रा की प्रस्तुतियाँ होंगी।
13 से 17 मार्च 2026 तक आयोजित अंतर्राष्ट्रीय पौराणिक फिल्म महोत्सव में 25 से अधिक देशों की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ एवं कालिदास संस्कृत अकादमी परिसर में पौराणिक, आध्यात्मिक, ऐतिहासिक एवं जनजातीय विषयों पर आधारित सात भव्य प्रदर्शनियाँ लगाई जाएंगी।