उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि गुढ़ इंडस्ट्रियल एरिया का विकास रीवा जिले के औद्योगिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है

FOR JMS NEWS AAP TAK BY LAKHAN LAL (YOG GURU)

रीवा।
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में रीवा जिले के गुढ़ स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में उन्होंने नगर परिषद गुढ़ एवं औद्योगिक क्षेत्र गुढ़ में प्रस्तावित महत्वाकांक्षी जल प्रदाय योजना के कार्यों को शीघ्र क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बताया कि 16 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना में अब तक केवल 7 करोड़ रुपये का कार्य ही पूर्ण हो पाया है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष कार्यों में तेजी लाई जाए। इस परियोजना के अंतर्गत नगर परिषद गुढ़ को 5 एमएलडी एवं औद्योगिक क्षेत्र गुढ़ को 5 एमएलडी जल उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना के पूर्ण होने से गुढ़ क्षेत्र की जल प्रदाय व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी औद्योगिक क्षेत्र के समुचित विकास के लिए बिजली, पानी, सड़क एवं ड्रेनेज जैसी मूलभूत सेवाओं का सुदृढ़ होना अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुढ़ इंडस्ट्रियल एरिया के विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए बिजली, सड़क, जल एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के विस्तार हेतु तत्काल एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने उच्च अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि गुढ़ इंडस्ट्रियल एरिया का समग्र विकास न केवल रीवा जिले की औद्योगिक पहचान को मजबूत करेगा, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उद्योगों की स्थापना से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष दोनों प्रकार के रोजगार में वृद्धि होगी, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

You may have missed