सहकारिता में नवाचार व उपलब्धियों का प्रजेंटेशन तैयार करने के निर्देश केन्द्रीय मंत्री श्री अमित शाह की अध्यक्षता में 17 फरवरी को होगा सम्मेलन

FOR JMS NEWS AAP TAK BY LAKHAN LAL(YOG GURU)
सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने मध्यप्रदेश सहकारिता विभाग में किए गए नवाचारों एवं उपलब्धियों से संबंधित विस्तृत प्रजेंटेशन तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा मांगी गई बिन्दुवार जानकारी पूर्णतः अद्यतन एवं तथ्यपरक हो, इस पर विशेष ध्यान रखा जाए।
मंत्री श्री सारंग सोमवार को मंत्रालय में सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक कर रहे थे। यह बैठक केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह की अध्यक्षता में 17 फरवरी को आयोजित होने वाले प्रस्तावित सम्मेलन के परिप्रेक्ष्य में आयोजित की गई।
मंत्री श्री सारंग ने निर्देश दिए कि प्रजेंटेशन में सहकारिता विभाग की प्रमुख विशेषताओं, नवाचारों एवं उपलब्धियों के साथ-साथ सीपीपीपी मॉडल, चीता बीज तथा अन्य नवाचारों को भी शामिल किया जाए। अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के दौरान किए गए सर्वोत्तम कार्यों की जानकारी भी प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र में सर्कुलैरिटी एवं सस्टेनेबिलिटी से जुड़े प्रयासों को भी प्रजेंटेशन में सम्मिलित किया जाए। सहकारिता में सहकार अभियान के अंतर्गत दुग्ध, मत्स्य एवं अन्य सहकारी संस्थाओं तथा उनके सदस्यों के खातों की संख्या स्पष्ट रूप से दर्शाई जाए। साथ ही प्रचार-प्रसार की दृष्टि से किए गए प्रयासों की भी जानकारी दी जाए। प्रजेंटेशन को आकर्षक, अद्यतन एवं संकलित रूप में शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री श्री सारंग ने पेक्स के बहुउद्देश्यीकरण, राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस, राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम की योजनाओं, सहकारिता क्षेत्र को प्राप्त लाभ एवं वित्तीय सहायता संबंधी बिंदुओं को भी प्रजेंटेशन में शामिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री डी.पी. आहूजा, प्रबंध संचालक बीज संघ श्री महेन्द्र दीक्षित, प्रबंध संचालक अपेक्स बैंक श्री मनोज गुप्ता, प्रबंध संचालक सहकारी संघ श्री ऋतुराज रंजन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।