विदिशा में सजी राष्ट्रीय हस्तशिल्प प्रदर्शनीरू देशभर की कलात्मक धरोहर एक ही छत के नीचे

विदिशा, दिनांक 13 फरवरी 2026

 विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के प्रायोजन एवं मध्यप्रदेश राज्य सहकारी संघ मर्यादित, भोपाल के आयोजन में विदिशा में भव्य हस्तशिल्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 10 फरवरी से  शुरू होकर 19 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक रवीन्द्रनाथ टैगोर सांस्कृतिक भवन में आयोजित की जा रही है।

 विदिशा विधायक श्री मुकेश टंडन तथा कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता की अध्यक्षता में प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन 12 फरवरी  को सम्पन्न हुआ इस अवसर पर हस्तशिल्प सहायक निदेशक तथा  विकास आयुक्त  हस्तशिल्प सेवा केन्द्र भोपाल के श्री नरसिंह सैनी, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी संघ मर्यादित भोपाल के प्राचार्य श्री जी.पी. माझी एवं सोशल मोबिलाइजेशन एक्सपर्ट श्री संतोष येडे भी उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी की खास विशेषता यह है कि संपूर्ण भारत से आए हस्तशिल्पियों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री स्वयं शिल्पकारों द्वारा की जा रही है, जिससे खरीदारों को सीधे कारीगरों से संवाद और प्रामाणिक उत्पाद प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।

प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों की प्रसिद्ध कला एवं शिल्पकृतियाँ आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इनमें भदोही के विश्वप्रसिद्ध कारपेट, भागलपुर की सिल्क साड़ियाँ एवं सूट, उज्जैन की बटिक प्रिंट, दिल्ली की ज्वेलरी, भोपाल की जरी-जरदोजी एवं जूट उत्पाद, ग्वालियर एवं जबलपुर का पैचवर्क एवं स्टोन क्राफ्ट, हैदराबाद की कलमकारी, कोटा का हैंड ब्लॉक प्रिंट, चंदेरी की साड़ियाँ, महोबा का आर्ट मेटल, जयपुर का लेदर वर्क, पश्चिम बंगाल की जामदानी सिल्क साड़ियाँ, पंजाब की फुलकारी तथा बुधनी के लकड़ी के खिलौने सहित अनेक आकर्षक हस्तशिल्प उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं।

                प्रदर्शनी न केवल स्थानीय नागरिकों के लिए खरीदारी का अवसर प्रदान कर रही है, बल्कि यह देश की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा, सांस्कृतिक विविधता और कारीगरों की सृजनात्मक प्रतिभा का जीवंत संगम भी है। आयोजकों ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित प्रदर्शनी में पधारें, स्वदेशी शिल्प को प्रोत्साहित करें तथा शिल्पकारों का उत्साहवर्धन करें।

You may have missed