अखिल भारतीय पुलिस घुड़सवारी प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश पुलिस का शानदार प्रदर्शन, पदक जीतकर प्रदेश का बढ़ाया मान, डीजीपी कैलाश मकवाणा ने विजेताओं को किया सम्मानित
BY LAKHAN LAL FOR JMS NEWS AAP TAK

44वीं अखिल भारतीय पुलिस घुड़सवारी प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश पुलिस का शानदार प्रदर्शन
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के घुड़सवारी दल ने 44वीं अखिल भारतीय पुलिस घुड़सवारी प्रतियोगिता एवं माउंटेड पुलिस ड्यूटी मीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 06 पदक (02 स्वर्ण, 02 रजत और 02 कांस्य) अर्जित कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 15 से 27 फरवरी 2026 तक सीमा सुरक्षा बल अकादमी, टेकनपुर में आयोजित की गई, जिसमें देशभर की पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की 21 टीमों, 345 अश्वों और लगभग 700 राइडर्स ने भाग लिया।
इस उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने पुलिस मुख्यालय भोपाल में विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम की कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम है। साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर अभ्यास पर बल दिया।
प्रतियोगिता में ‘सईस टेस्ट’ में उत्कृष्ट अश्व प्रबंधन का प्रदर्शन करते हुए श्री घनश्याम प्रजापति ने स्वर्ण पदक अर्जित किया। वहीं टीम के प्रमुख राइडर आरक्षक फराज खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रॉस कंट्री स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया।
इसके अलावा फराज खान ने पुलिस हॉर्स टेस्ट और क्रॉस कंट्री में दो रजत पदक तथा मेंटल हेजार्ड और शो जंपिंग ग्रेड-03 में दो कांस्य पदक भी जीते। शो जंपिंग प्री-प्रिलिमिनरी स्पर्धा में उन्होंने चौथा स्थान प्राप्त कर मध्यप्रदेश पुलिस का मान बढ़ाया।
पुलिस मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में राज्य की माउंटेड पुलिस इकाई को और अधिक पेशेवर बनाने, आधुनिक प्रशिक्षण मॉडल अपनाने तथा उच्च नस्ल के स्पोर्ट्स ब्रीड अश्वों की संख्या बढ़ाने पर भी चर्चा की गई, ताकि आने वाली राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश पुलिस और अधिक पदक अर्जित कर सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएएफ श्री चंचल शेखर, पुलिस महानिरीक्षक एसएएफ इंदौर रेंज श्री चंद्रशेखर सोलंकी, पुलिस महानिरीक्षक एसएएफ श्री इरशाद वली, डीआईजी आरएपीटीसी श्री धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया, कमांडेंट 15वीं वाहिनी श्रीमती हितिका वासल, पर्यवेक्षक अधिकारी उप सेनानी श्रीमती प्राची द्विवेदी सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।