BY LAKHAN LAL EDITOR JMS NEWS AAP TAK

भोपाल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश में 2 से 8 अक्टूबर 2026 तक ‘मद्य निषेध सप्ताह’ मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में नशामुक्ति को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के तहत नशामुक्ति रैली, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर एवं चित्र प्रदर्शनी, प्रतियोगिताएं, स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर, ग्राम सभाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ऑनलाइन शपथ जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।
युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने पर जोर
मद्य निषेध सप्ताह का उद्देश्य समाज में बढ़ती मद्यपान की प्रवृत्ति तथा नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों एवं सामाजिक दुष्परिणामों के प्रति युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को जागरूक करना है।
स्कूलों और महाविद्यालयों सहित विभिन्न संस्थानों में “नशा न करेंगे, न करने देंगे” की शपथ दिलाई जाएगी। अभियान में सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, आध्यात्मिक संस्थाओं तथा नशामुक्ति के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा।
2 अक्टूबर—नशामुक्ति रैली और प्रदर्शनी
महात्मा गांधी जयंती के दिन नशामुक्ति रैलियां निकाली जाएंगी। विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। पोस्टर, फोटो एवं चित्र प्रदर्शनी के जरिए नागरिकों को नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रमों में शामिल लोगों को ऑनलाइन नशामुक्ति शपथ भी दिलाई जाएगी।
3 अक्टूबर—स्कूल-कॉलेजों में प्रतियोगिताएं, स्वास्थ्य शिविर
विद्यालयों और महाविद्यालयों में नशामुक्ति विषय पर प्रतियोगिताएं, संवाद और संगोष्ठियां होंगी। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर आयोजित किए जाएंगे।
नशा पीड़ित व्यक्तियों की एचआईवी-एड्स, टीबी और हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग की जाएगी तथा पॉजिटिव पाए जाने वाले व्यक्तियों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
4 अक्टूबर—ग्राम सभाओं में लिया जाएगा नशामुक्त गांव का संकल्प
ग्राम सभाओं में गांवों को नशामुक्त बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। ग्रामीणों को नशामुक्ति संबंधी साहित्य, पोस्टर और पेम्फलेट वितरित किए जाएंगे तथा उपस्थित लोगों को ऑनलाइन शपथ दिलाई जाएगी।
5 अक्टूबर—सोशल मीडिया से युवाओं तक पहुंचेगा नशामुक्ति संदेश
ग्राम और नगरीय स्तर पर स्थानीय व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से नशामुक्ति संबंधी संदेश, जागरूकता सामग्री और लघु फिल्में साझा की जाएंगी। अभियान के जरिए विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ने पर जोर रहेगा।
6 अक्टूबर—महिला स्व-सहायता समूह निभाएंगे अहम भूमिका
महिला स्व-सहायता समूह और शौर्या दल स्थानीय स्तर पर नशामुक्ति अभियान चलाएंगे। महिलाओं को नशे के कारण परिवार और समाज पर पड़ने वाले आर्थिक, सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी।
7 अक्टूबर—विद्यार्थियों को दिलाई जाएगी ऑनलाइन शपथ
स्थानीय मास्टर वॉलंटियर और ‘नशामुक्ति मित्र’ स्कूलों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को ऑनलाइन नशामुक्ति शपथ दिलाएंगे। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार और परिचितों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया जाएगा।
8 अक्टूबर—जिला मुख्यालयों पर होगा समापन समारोह
मद्य निषेध सप्ताह के अंतिम दिन सभी जिला मुख्यालयों पर समापन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें नशामुक्ति पर आधारित नाटक, नृत्य, संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
सप्ताह के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे।
ऑनलाइन पोर्टल पर ई-प्लेज से शपथ
सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को नशामुक्त भारत अभियान के ऑनलाइन पोर्टल पर ई-प्लेज के माध्यम से नशा नहीं करने की शपथ दिलाई जाएगी।
कई विभाग मिलकर चलाएंगे अभियान
जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान में स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन एवं विकास, महिला एवं बाल विकास, पुलिस तथा जनसंपर्क विभाग सहित संबंधित संस्थाओं का सहयोग लिया जाए।
जिलों में आयोजित गतिविधियों की जानकारी और फोटोग्राफ सहित प्रतिवेदन सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण संचालनालय को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
JMS NEWS AAP TAK
नशामुक्त समाज की ओर जन-जागरूकता का बड़ा अभियान