किसान हमारी संस्कृति और अर्थव्यवस्था के कर्णधार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भावांतर योजना से सोयाबीन उत्पादक किसानों को मिला फसल का पूरा मूल्य
श्वेत, हरित और नील क्रांति में मंदसौर जिला प्रदेश में अग्रणी
मुख्यमंत्री ने 1.17 लाख किसानों को 200 करोड़ रुपये की भावांतर राशि अंतरित की
सोयाबीन उत्पादक किसानों को अब तक लगभग 1500 करोड़ रुपये की भावांतर सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतीकात्मक रूप से 5 पात्र किसानों को सौंपे भावांतर राशि के चेक

REPORT BY TEAM JMS NEWS AAP TAK – LAKHAN GURU\ NEHA SINGH
किसानों की समृद्धि में ही प्रदेश की समृद्धि : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मंदसौर में अन्नदाता सम्मान समारोह, 1.17 लाख किसानों को 200 करोड़ की भावांतर राशि अंतरित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मौसम कोई भी हो, किसान हमेशा अपने खेत-खलिहानों की चिंता करता है। फसल अच्छी हो तो पूरे वर्ष हरियाली रहती है, लेकिन यदि ओलावृष्टि, कीट प्रकोप या अन्य कारणों से नुकसान हो जाए तो पूरे साल की चिंता बढ़ जाती है। अब ऐसा नहीं होगा। हमारी सरकार किसानों की ढाल बनकर हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। किसान हमारी संस्कृति की धरोहर और प्रदेश की अर्थव्यवस्था के वास्तविक कर्णधार हैं। किसानों के जीवन में समृद्धि लाना ही सरकार का एकमात्र ध्येय है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में आयोजित ‘अन्नदाता सम्मान समारोह’ को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना की अंतिम किश्त के रूप में प्रदेश के 1 लाख 17 हजार किसानों के खातों में लगभग 200 करोड़ रुपये अंतरित किए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के प्रारंभ से अब तक 7 लाख 10 हजार से अधिक किसानों को लगभग 1500 करोड़ रुपये की भावांतर राशि प्रदान की जा चुकी है। इसमें मंदसौर जिले के 27 हजार से अधिक किसानों को लगभग 43 करोड़ रुपये की राशि मिली है। समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से मंदसौर जिले के 5 किसानों—श्री रघुवीर सिंह, श्री मुकेश पाटीदार, श्री ओमकार सिंह, श्री रामदयाल एवं श्री जगदीशचंद्र पाटीदार—को भावांतर राशि के चेक प्रदान किए।
शौर्य को मिला सम्मान
समारोह में मुख्यमंत्री का संवेदनशील पक्ष भी देखने को मिला। मल्हारगढ़ के समीप एक दुर्घटना में चार लोगों की जान बचाते हुए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले स्व. मनोहर सिंह चौहान के पुत्र श्री संजय सिंह को मुख्यमंत्री ने अनुकम्पा नियुक्ति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शौर्य और मानवता का सम्मान है। श्री संजय सिंह को विशेष प्रकरण के तहत पुलिस आरक्षक (जीडी) पद पर नियुक्ति दी गई।
मंदसौर को विकास की सौगातें
मुख्यमंत्री ने मंदसौर जिलेवासियों को कई विकास कार्यों की सौगात दी। मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 51.91 करोड़ रुपये की लागत से मंदसौर-नीमच स्टेट हाईवे पर फोरलेन फ्लाईओवर तथा 5.53 करोड़ रुपये की लागत से पिपलिया मंडी रेलवे अंडरब्रिज का भूमि-पूजन किया गया। वहीं 2.06 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्हारगढ़ रेलवे अंडरपास का लोकार्पण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने भुवानी माता मंदिर के जीर्णोद्धार, काका गाडगिल सागर डेम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और पिपलिया मंडी में नया फ्लाईओवर बनाने की भी घोषणा की।
भावांतर योजना लागू करने वाला पहला राज्य मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने किसानों के हित में भावांतर भुगतान योजना लागू की। इस योजना से सोयाबीन उत्पादक किसानों को उनकी फसल का पूरा मूल्य मिला है। आने वाले समय में सरसों और मूंगफली को भी भावांतर योजना के दायरे में लाया जाएगा।
रोजगार, महिला सशक्तिकरण और उद्योग
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 60 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है और अगले पांच वर्षों में ढाई लाख नई नौकरियां दी जाएंगी। लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है। मंदसौर को नर्सिंग कॉलेज की सौगात दी गई है और प्रदेश में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
पीएम मित्र पार्क से कपास किसानों को लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार में देश के पहले पीएम मित्र पार्क से 6 लाख कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने मंदसौर की लहसुन, कृषि उपज और क्षेत्र की उर्वर भूमि की सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थिति
समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सदस्य श्री बंशीलाल गुर्जर, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में किसान बंधु एवं लाड़ली बहनें उपस्थित रहीं।