मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबई–मोहासा औद्योगिक क्षेत्र के विकास से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति सशक्त होगी। TEAM JMS NEWS AAPTAK

किसान कल्याण वर्ष में हर खेत तक सिंचाई का संकल्प : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को हर क्षेत्र में लगातार बड़ी सौगातें मिल रही हैं। पिछले 11 वर्षों में जिस प्रकार देश बदला है, उसी गति से मध्यप्रदेश भी प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया है, जिसके अंतर्गत पूरे वर्ष किसान हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। सरकार ने हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा बुंदेलखंड से प्रारंभ की गई केन–बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र के कई जिलों के किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी और खेतों में हरियाली आएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री निवास में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि मंत्रि-परिषद् की बैठक में नर्मदापुरम जिले की दो सिंचाई परियोजनाओं के लिए 215 करोड़ 47 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे सोहागपुर और पिपरिया क्षेत्र के किसानों तथा आसपास के जनजातीय समुदाय को सीधा लाभ मिलेगा।
विरासत भी और विकास भी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश का वार्षिक बजट बढ़कर 4 लाख 21 हजार करोड़ रुपये हो गया है। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नर्मदापुरम जिले में बाबई–मोहासा औद्योगिक क्षेत्र के विकास से सोहागपुर, पिपरिया और आसपास के युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विरासत के संरक्षण के साथ विकास के पथ पर अग्रसर है। पचमढ़ी, इंदौर, खजुराहो और ग्वालियर में आयोजित कैबिनेट बैठकों से यह स्पष्ट है कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए संकल्पित है।
सोहागपुर विधानसभा के 63 गांवों को मिलेगा जल
विधायक श्री विजयपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता से किया गया वादा पूरा हुआ है। लगभग 226 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत दो सिंचाई परियोजनाओं से
- 33 गांवों की 4200 हेक्टेयर भूमि तथा
- 30 गांवों की 6000 हेक्टेयर कृषि भूमि
को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
इन परियोजनाओं से सतपुड़ा टाइगर रिजर्व क्षेत्र के आसपास रहने वाले जनजातीय समुदाय को सिंचाई के साथ स्वच्छ पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं विस्थापित जनजातीय परिवारों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आत्मीय अभिनंदन किया। कार्यक्रम में नर्मदापुरम सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सदस्य श्रीमती माया नारोलिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।