खेलो एमपी यूथ गेम्स के खिलाड़ी बोले—व्यवस्थाएँ बहुत उत्कृष्ट
मंत्री श्री सारंग ने खिलाड़ियों से जानी व्यवस्थाओं की गुणवत्ता

FOR JMS NEWS BY NEHA VERMA
भोपाल। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने बुधवार को खेलो एमपी यूथ गेम्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन स्थलों का अवलोकन किया। वे कोलार खेल स्टेडियम, मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम एवं तात्या टोपे खेल स्टेडियम पहुँचे और प्रतियोगिताओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मंत्री श्री सारंग ने खिलाड़ियों से संवाद कर भोजन, आवास, परिवहन, चिकित्सा सुविधा एवं शुभारंभ कार्यक्रम सहित समस्त व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। खिलाड़ियों ने एक स्वर में सभी व्यवस्थाओं को अत्यंत उत्कृष्ट बताते हुए संतोष व्यक्त किया।
मंत्री श्री सारंग ने आयोजन स्थलों पर विभिन्न खेलों का अवलोकन करते हुए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, उनके खेल का आनंद लिया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराकर उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री श्री सारंग ने कोलार खेल स्टेडियम में गर्ल्स कबड्डी के रीवा बनाम जबलपुर तथा बॉयज कबड्डी के बालाघाट बनाम नर्मदापुरम के मुकाबले देखे। मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में मण्डला बनाम धार और शाजापुर बनाम नरसिंहपुर के मैचों का अवलोकन किया। वहीं तात्या टोपे खेल स्टेडियम में बॉक्सिंग, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखा।
इस अवसर पर खेल संचालक श्री राकेश कुमार गुप्ता, संयुक्त संचालक श्री बी.एस. यादव सहित अन्य खेल अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।